Monday, October 5, 2026
Home Chhattisgarh Lailunga Police Crime News: 15 साल से फरार हत्या की वारंटी महिला...

Lailunga Police Crime News: 15 साल से फरार हत्या की वारंटी महिला जूटमिल से गिरफ्तार, पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई

गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Nishaanebaz.com-Lailunga Police Crime News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों और लंबे समय से लंबित वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हत्या के एक पुराने मामले में पिछले 15 वर्षों से फरार चल रही आजीवन कारावास की सजा प्राप्त महिला वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपिया अपनी असली पहचान छिपाकर जूटमिल थाना क्षेत्र के वाल्मीकि-आंबेडकर आवास में रह रही थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सत्र प्रकरण क्रमांक 194/1996 में रामबाई चौहान (पति आत्माराम चौहान, उम्र लगभग 40 वर्ष, मूल निवासी मेढरमार, थाना लैलूंगा) को हत्या के मामले में दोषी ठहराते हुए निचली अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में मृतक पार्रू सिदार की मृत्यु गला घोंटने से हुई थी। निचली अदालत के फैसले के खिलाफ दायर अपील पर उच्च न्यायालय द्वारा परिस्थितियोंजन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषसिद्धि को बरकरार रखा गया था और अपील खारिज करते हुए अपीलकर्ता को शेष सजा भुगतने के लिए आत्मसमर्पण करने या हिरासत में लिए जाने का निर्देश दिया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रही थी।

Read More : Kitchen Tips: कुकर इस्तेमाल करते समय भूलकर भी न करें ये 5 गलतियां, हो सकता है बड़ा हादसा

“ऑपरेशन क्लीन हंट” के दौरान पुराने और लंबित वारंटियों की सूची तैयार कर उनकी सुरागरसी शुरू की गई। थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने पुराने रिकॉर्ड, पुरानी फोटो और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर वारंटी की तलाश तेज की। तकनीकी और गोपनीय सूचना के आधार पर उसके जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर, सारंगढ़ बस स्टैंड के पास वाल्मीकि-आंबेडकर आवास में निवास करने की जानकारी मिली। इसके बाद जूटमिल पुलिस के सहयोग से स्थानीय मतदाता सूची और अन्य दस्तावेजों का मिलान किया गया।

Read More : Betul News: अल्प वर्षा से तबाह हुईं फसलें, भैंसदेही को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

जांच के दौरान एक ऐसी महिला की शिनाख्त हुई जिसका वर्तमान रिकॉर्ड पुलिस के पास उपलब्ध पुराने विवरण से सीधे मेल नहीं खा रहा था, लेकिन फोटो के मिलान से उसकी पहचान रामबाई चौहान के रूप में होने की प्रबल संभावना बनी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को थाने लाकर पूछताछ की। शुरुआत में उसने अपनी पहचान छिपाने का प्रयास किया और सच बताने से इंकार किया, लेकिन पुलिस द्वारा उपलब्ध पुख्ता सबूतों और वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किए जाने पर उसने स्वीकार कर लिया कि वही वांछित रामबाई चौहान है जिसे हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी वारंट के तहत उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे केंद्रीय जेल दाखिल कर दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, जूटमिल थाने के सहायक उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा और महिला आरक्षक आशा सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here