Khandva News: खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 (NVDA) के उपयंत्री अशोक गौतम को 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एक ठेकेदार से बकाया भुगतान और सिक्योरिटी डिपॉजिट वापस करने के एवज में कथित तौर पर 55 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त इंदौर की टीम ने मामले की जांच की और ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
लोकायुक्त की टीम ने नर्मदा नगर स्थित नर्मदा विकास संभाग क्रमांक-28 के तकनीकी कक्ष में कार्रवाई करते हुए उपयंत्री अशोक गौतम को 14 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया।
निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। लोकायुक्त टीम मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
Khandva News: लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद विभाग में भी हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की जा सकती है।






