Wednesday, September 23, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Ganesh Visarjan: गणेश विसर्जन झांकियों पर पुलिस की नजर, रूट बदलने...

Raipur Ganesh Visarjan: गणेश विसर्जन झांकियों पर पुलिस की नजर, रूट बदलने से लेकर डीजे तक पर आया बड़ा फैसला

Raipur Ganesh Visarjan
Raipur Ganesh Visarjan

Raipur Ganesh Visarjan: रायपुर। राजधानी में गणेश विसर्जन झांकियों के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ बैठक की। बैठक दोपहर 3 बजे C-4 भवन में आयोजित हुई। इसमें पुलिस के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने झांकी के रूट, समय, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समितियों से निर्धारित मार्ग, समय और क्रम का पालन करने तथा झांकी को अनावश्यक रूप से रास्ते में नहीं रोकने को कहा गया। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

नशे और हथियारों पर रोक

पुलिस ने झांकी के दौरान नशे का सेवन नहीं करने और किसी भी तरह के हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने की हिदायत दी। ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के तहत करने को कहा गया। आयोजकों को यह भी निर्देश दिया गया कि आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली अन्य झांकियों के लिए रास्ता खुला रखा जाए।

सदर बाजार के जर्जर भवनों पर विशेष चर्चा

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF अधिकारियों ने झांकियों के इस क्षेत्र से गुजरने के दौरान संभावित सुरक्षा जोखिमों की जानकारी आयोजकों को दी।

सुरक्षा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से विसर्जन झांकियों के रूट में बदलाव का प्रस्ताव रखा गया। इस पर आयोजकों के साथ चर्चा कर सहमति बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन गणेश उत्सव समितियों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई।

इसके बाद सदर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर आयोजकों ने कुछ महत्वपूर्ण शर्तों पर सहमति दी। समितियों ने तय किया कि झांकियों के दौरान ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानकों के भीतर रखा जाएगा। साथ ही डीजे के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखा जाएगा।

पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने पर सहमति

Raipur Ganesh Visarjan: आयोजकों ने सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और SDRF की ओर से जारी किए जाने वाले आवश्यक निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति जताई। बैठक में अधिकारियों ने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिस ने सभी गणेश उत्सव समितियों से अपने पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स को निर्देशों की जानकारी देने तथा विसर्जन के दौरान पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here