CG News: रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम के WhatsApp अकाउंट से जुड़े साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके WhatsApp अकाउंट या नंबर का इस्तेमाल कर सांसद के संपर्क में मौजूद लोगों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग की। अलग-अलग लोगों से 56 हजार और 60 हजार रुपये तक ट्रांसफर करने को कहा गया।
CG News: जानकारी के मुताबिक, सांसद के नंबर से कुछ लोगों को WhatsApp पर संदेश भेजे गए। इनमें UPI के जरिए रकम भेजने की अपील की गई। कुछ संपर्कों को 56 हजार रुपये के UPI भुगतान से संबंधित संदेश भी भेजे जाने की बात सामने आई है।
सांसद के नाम का इस्तेमाल कर ठगी की कोशिश
मामला सामने आने के बाद सांसद से जुड़े लोगों और उनके संपर्कों को सतर्क किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठग सांसद की पहचान और उनके WhatsApp संपर्कों का इस्तेमाल कर आर्थिक धोखाधड़ी की कोशिश कर रहा था।
लोगों से बिना पुष्टि पैसे नहीं भेजने की अपील
सांसद के नंबर से पैसे मांगने वाला कोई भी संदेश मिलने पर तत्काल फोन के जरिए पुष्टि करने की अपील की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि बिना सत्यापन किसी भी UPI नंबर या खाते में रकम ट्रांसफर न करें और संदिग्ध मैसेज का जवाब देने से बचें।
CG News: हैकिंग का तरीका अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि WhatsApp अकाउंट तक साइबर ठग की पहुंच किस तरह बनी और कितने लोगों को ऐसे संदेश भेजे गए। मामले की साइबर पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अकाउंट हैक हुआ था या किसी अन्य तरीके से नंबर/अकाउंट का दुरुपयोग किया गया। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस लगातार लोगों से OTP, UPI PIN और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील करती रही है।






