Wednesday, September 23, 2026
Home Chhattisgarh Bacheli News: एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों और...

Bacheli News: एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों और राहवीर योजना की जानकारी दी गई

Bacheli News:
Bacheli News:

Bacheli News: फकरे आलम खान/बचेली: “सेवा मेरा योगदान” अभियान के तहत यातायात विभाग दंतेवाड़ा द्वारा बुधवार, 23 सितंबर 2026 को एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी में यातायात एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और दुर्घटना की स्थिति में जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिवहन अधिकारी रविंद्र ठाकुर उपस्थित रहे। उनके साथ यातायात निरीक्षक मुकेश टाटी, सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र त्रिपाठी, आरटीओ अधिकारी अरुण सलाम एवं यातायात प्रधान आरक्षक कोसमा सहित यातायात विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के प्राचार्य कमलेश साहू के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षुओं से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा हेलमेट, सीट बेल्ट सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाकर ही वाहन चलाने की अपील की।

मुख्य अतिथि रविंद्र ठाकुर ने अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा के चार महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का हमेशा उपयोग करें। उन्होंने तेज गति से वाहन चलाने से बचने, नशे में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी न केवल स्वयं की, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रख सकती है।

सहायक उप निरीक्षक जितेंद्र त्रिपाठी ने प्रशिक्षुओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से दी। उन्होंने दैनिक जीवन में होने वाली विभिन्न यातायात परिस्थितियों का उदाहरण देते हुए बताया कि तेज गति, अचानक वाहन की दिशा बदलना, बिना हेलमेट वाहन चलाना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करना किस प्रकार दुर्घटना का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से वाहन चलाते समय स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

इस अवसर पर प्रशिक्षुओं को राहवीर योजना एवं प्रधानमंत्री राहत योजना की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुनहरे घंटे (Golden Hours) के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले पात्र व्यक्ति को राहवीर योजना के तहत ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि और प्रशंसा प्रमाण-पत्र दिया जाता है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले 10 राहवीरों को हर वर्ष ₹1 लाख का पुरस्कार दिया जाता है। वहीं प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिनों तक ₹1.50 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

Bacheli News: अधिकारियों ने प्रशिक्षुओं से अपील की कि दुर्घटना होने पर घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे न हटें और आवश्यकता पड़ने पर 112 आपातकालीन सेवा से सहायता लें। दुर्घटना में किसी घायल व्यक्ति की मदद करना भी समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण सेवा और योगदान है। कार्यक्रम में एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी के प्रशिक्षुओं, शिक्षकों एवं अन्य सभी स्टाफ की सहभागिता रही।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here