धमतरी। Nishaanebaz.com-Dhamtari Ganesh Pandal Theft: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जहां एक ओर गणेश उत्सव की धूम है और श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के साथ भक्ति में लीन हैं, वहीं दूसरी ओर असामाजिक तत्वों और चोरों ने आस्था के इस महापर्व में खलल डाल दिया है। शहर के अलग-अलग चार गणेश पंडालों में चोरी की बड़ी वारदातें सामने आई हैं। हैरानी की बात यह है कि ये चारों घटनाएं कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख वार्डों में घटी हैं, जिससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की पहली वारदात लालबगीचा वार्ड स्थित गणेश पंडाल में हुई, जहां चोरों ने दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इतना ही नहीं, चोर वहां रखी पूजा की तांबे व कांच की थालियां तथा फूल भी ले उड़े। दूसरी वारदात बम्बलई वार्ड के पंडाल में सामने आई, जहां से चोर तांबे का लोटा और आरती का अन्य सामान चुरा ले गए। वहीं तीसरी घटना बालक चौक पीढ़ी नाला के पास स्थित पंडाल में घटित हुई, जहां भक्तों की आस्था पर डाका डालते हुए चोरों ने पूजा सामग्री पार कर दी।
Read More : Rahul Gandhi Indore Speech: ‘सिस्टम को स्टूडेंट से खतरा’, इंदौर में राहुल गांधी का मोदी सरकार पर तीखा प्रहार
गणेश उत्सव के दौरान एक ही रात में चार पंडालों को निशाना बनाए जाने के बाद गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल व्याप्त है। दिन-रात भगवान गणेश की निस्वार्थ सेवा में जुटे समिति के कार्यकर्ता अब खुद को और पंडाल की संपत्तियों को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि जब उत्सव के माहौल में भगवान का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों के घरों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
घटना की सूचना मिलने के बाद धमतरी कोतवाली थाना पुलिस ने सभी स्थानों का मौका मुआयना किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने गश्त बढ़ाने का आश्वासन देते हुए दावा किया है कि जल्द ही चोरी में शामिल गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






