गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Nishaanebaz.com-Raigarh Murder Mystery Solved: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी पर फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति की तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पुलिस लगातार निगरानी रख रही थी। स्वस्थ होने के बाद पुसौर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
बेटे ने घर लौटकर देखा मां का लहूलुहान शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना पुसौर थाना अंतर्गत ग्राम सूपा की है। 11 अक्टूबर 2026 को सूचनाकर्ता सूरज दास महंत ने थाने में मर्ग सूचना दर्ज कराई थी कि रात करीब 8:30 बजे जब वह अडानी प्लांट से अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौटा, तो उसकी मां रूप कुंवर महंत (41 वर्ष) घर की परछी में जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उनके पास ही उनके पिता अमृत लाल महंत बैठे हुए थे।
जब उसने पास जाकर देखा तो शरीर में कोई हलचल नहीं थी, उनके कान से खून बह रहा था और हाथों की कलाइयों पर गंभीर चोट के निशान थे। घर में जगह-जगह खून के छींटे बिखरे हुए थे। आसपास के लोगों की मदद से जब उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले जाया गया, तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फॉरेंसिक जांच में खुला राज, पति पर गहराया शक
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतिका की मौत का कारण गंभीर रक्तस्राव (Hemorrhagic Shock) बताया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम की फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान घर के अंदर जमीन, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर और दीवारों पर मानव रक्त के निशान मिले। घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया। घर के अंदर पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी न मिलने पर पुलिस का शक मृतिका के पति अमृत लाल महंत पर गहरा गया।
अस्पताल में निगरानी और पूछताछ में हुआ खुलासा
घटना के बाद आरोपी अमृत लाल महंत का रक्तचाप (Blood Pressure) अत्यधिक बढ़ जाने के कारण उसे पुसौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। पुलिस टीम अस्पताल में लगातार उस पर नजर बनाए हुए थी। जैसे ही उसकी सेहत में सुधार हुआ, पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना की रात उसकी पत्नी ने खाना बनाने से इनकार कर दिया था और अपने रिश्तेदार के घर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात पर उपजे विवाद के बाद उसने गुस्से में आकर फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और आरोपी के खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
