नाबालिग का अपहरण, कबाड़ी वाले समेत 4 लोगो पर शक….अब तक कोई अता पता नहीं

Parivesh

गौरेला। समता नगर इलाके में दसवीं की छात्रा के अचानक लापता हो जाने से हड़कंप मच गया है। परिजनों ने इसे साधारण गुमशुदगी नहीं, बल्कि एक साजिश बताया है। उनका आरोप है कि कबाड़ी का काम करने वाले युवक समेत चार लोगों ने मिलकर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया है।

घटना 27 अप्रैल की रात की है, जब छात्रा घर से अचानक गायब हो गई। परिजन पूरी रात रिश्तेदारों और परिचितों के यहां ढूंढते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 28 अप्रैल को गौरेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में जिन चार लोगों पर संदेह जताया गया है, उनमें वार्ड-7 निवासी राजेश सोनकर और उसके साथी बृजेश सोनकर, छिनगी सोनकर और कान्हा नामदेव शामिल हैं।

चार दिन बीतने के बावजूद अब तक नाबालिग का कोई पता नहीं चल पाया है, जिससे परिवार बेहद चिंतित है। परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई है कि बच्ची को जल्द से जल्द बरामद किया जाए। गौरेला पुलिस का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

पुलिस के लिए यह मामला अब केवल अपहरण नहीं, संभावित मानव तस्करी या गैंग से जुड़ाव की आशंका के कारण और भी गंभीर हो गया है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चिंता है, क्योंकि इलाके में नाबालिगों के खिलाफ बढ़ते अपराधों ने माहौल को असुरक्षित बना दिया है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *