Raipur Crime: रायपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब दुकान के सुपरवाइजर-सैल्समैन समेत 7 गिरफ्तार, आर्टिका से 160 पाव शराब जब्त

Sanjay Sahu
Raipur Crime

Raipur Crime:रायपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आर्टिका कार से 160 पाव देशी मसाला शराब जब्त की है। मामले में शराब दुकान के सुपरवाइजर, सैल्समैन, मल्टी वर्कर, एक सरकारी शिक्षक और वाहन चालक समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

Raipur Crime:मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की आर्टिका कार क्रमांक CG 04 QB 5200 में ग्राम गुल्लू स्थित शराब दुकान से बड़ी मात्रा में शराब भरकर रानीसागर की ओर ले जाई जा रही है।

सूचना के बाद आरंग पुलिस टीम ने ग्राम रानीसागर स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर कार को रोका। कार में चालक समेत 6 लोग सवार थे। तलाशी लेने पर पुलिस को 160 पाव देशी मसाला शराब मिली।

8.16 लाख रुपये का सामान जब्त

पुलिस ने बताया कि जब्त शराब की कुल मात्रा 28.800 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपये बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल आर्टिका कार की कीमत करीब 8 लाख रुपये है। पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल 8 लाख 16 हजार रुपये का सामान जब्त किया है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने शराब को अवैध बिक्री के लिए ले जाने की बात स्वीकार की है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में शराब दुकान के कर्मचारी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में उबारन दास पुरेना ग्राम गुल्लू शराब दुकान का सुपरवाइजर, सुरेश बांधे मल्टी वर्कर और राजेश काटले सैल्समैन है। वहीं तिरीत राम बांधे ग्राम अमोदी में शिक्षक हैं। इसके अलावा भरत रात्रे वाहन चालक, दिलीप कुमार कुर्रे और भागवत बारले को भी गिरफ्तार किया गया है।

Raipur Crime:नेटवर्क की जांच जारी

Raipur Crime:थाना प्रभारी नरेश साहू के मुताबिक, सरकारी शराब दुकान के कर्मचारियों पर ही अवैध तरीके से शराब की बिक्री और परिवहन में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की अवैध सप्लाई का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *