मोहम्मद याकुब/धरसींवा। Nishaanebaz.com-Raipur Dharsiwa Police Preventive Action: आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा रायपुर जिले में कानून व्यवस्था व सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा (IPS) के स्पष्ट आदेशानुसार तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में धरसींवा पुलिस द्वारा असामाजिक एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने क्षेत्र के 19 चिन्हित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
थाना धरसींवा पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के ऐसे 19 व्यक्तियों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया था, जिनकी गतिविधियों से आगामी पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित होने की प्रबल आशंका थी। इन सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170/126, 135(3) के तहत सदाचार बनाए रखने के लिए बाउंड ओवर की कानूनी कार्रवाई कराई गई है। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में उपद्रव और अशांति फैलाने की सोच रखने वाले असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है।
थाना प्रभारी धरसींवा राजेंद्र दीवान ने आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा बंदोबस्त दुरुस्त करते हुए सभी चिन्हित व्यक्तियों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट, शराब का सेवन कर उपद्रव करने, सार्वजनिक स्थानों पर विवाद या शांति भंग करने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया कि इस प्रतिबंधात्मक कार्रवाई का उद्देश्य किसी निर्दोष नागरिक को परेशान करना नहीं, बल्कि संभावित अपराधों को घटना से पहले ही रोकना है।
रायपुर पुलिस द्वारा त्योहारों के दौरान क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सभी पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस थाने को दें। पुलिस ने ‘त्यौहार खुशियों का है, विवाद का नहीं’ का संदेश देते हुए नागरिकों की सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिलाया है।







[…] […]