बिलासपुर/रायपुर। Nishaanebaz.com-Chhattisgarh Hartalika Teej Train Cancellation 2026: छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण लोक पर्व ‘हरतालिका तीजा’ पर अपने मायके जाने की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए रेलवे से जुड़ी बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है। पति की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली के लिए 14 सितंबर को रखा जाने वाला तीजा व्रत इस बार कई परिवारों के लिए यात्रा की मुश्किलें लेकर आया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने उरकुरा-रायपुर स्टोर डिपो के मध्य नॉन-इंटरलॉकिंग और यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते 13 और 14 सितंबर को कई प्रमुख पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुसार तीज व्रत से एक दिन पहले यानी 13 सितंबर (रविवार) को महिलाएं ‘कड़ू भात’ खाकर व्रत का संकल्प लेंगी और 14 सितंबर को निर्जला उपवास रखेंगी। इस पावन अवसर पर महिलाओं का अपने मायके जाने का विशेष महत्व होता है। जो महिलाएं दूर-दराज के जिलों में रहती हैं, वे पूरी तरह से ट्रेनों और बसों पर निर्भर रहती हैं। लेकिन ऐन त्योहार के मौके पर रायपुर-बिलासपुर, कोरबा और इतवारी रूट की लोकल ट्रेनों के निरस्त होने से आम यात्रियों और तीज व्रत रखने वाली महिलाओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार उरकुरा स्टेशन पर अधोसंरचना विकास और सेफ्टी अपग्रैडेशन कार्य के कारण गाड़ियों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। 13 सितंबर को रायपुर-बिलासपुर मेमू (68728), बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू (68734), गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू (68733), बिलासपुर-रायपुर मेमू (68719), कोरबा-रायपुर पैसेंजर (58203), रायपुर-इतवारी पैसेंजर (58205) और रायपुर-गेवरा रोड मेमू (68746) पूरी तरह रद्द रहेंगी। वहीं 14 सितंबर को रायपुर-कोरबा पैसेंजर (58204), इतवारी-रायपुर पैसेंजर (58206) और गेवरा रोड-रायपुर मेमू (68745) निरस्त रहेंगी।
इसके अतिरिक्त 13 सितंबर को झारसुगुड़ा से चलने वाली गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर को बिलासपुर स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट (समाप्त) कर दिया जाएगा, यानी यह ट्रेन बिलासपुर से गोंदिया के बीच रद्द रहेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर से ही शुरू होकर आगे जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेनों का टाइम टेबल और स्टेटस नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे पूछताछ से जरूर जांच लें।


