CG NEWS : रोशन सेन /माकड़ी : माकड़ी थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 28 नग मवेशियों को जप्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।
CG NEWS : पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति मवेशियों को बेरहमी से पीटते हुए पैदल ही कटनी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्राम बवई नाला के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की गई, जहां एक आरोपी कमलू राम नाग (निवासी – बडेचकवा, थाना घोटिया, जिला बस्तर) को पकड़ा गया।
CG NEWS : उसके कब्जे से 14 जोड़ी बैल-बछड़े (कुल 28 मवेशी) जिनकी अनुमानित कीमत दो लाख रुपये है, बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मवेशियों को लोहंडीगुड़ा ले जाकर वहां से ट्रकों के माध्यम से अन्य राज्यों के बूचड़खानों में भेजा जाना था।
CG NEWS : पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराएं 4, 6, 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1) घ के तहत मामला दर्ज कर उसे 18 जून को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 19 जून को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुशील पटेल और उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।











