CM Mohan Yadav Review Meeting : भोपाल। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक और नीतिगत निर्णयों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 15 मई के बाद सभी प्रमुख विभागों की हाई-लेवल समीक्षा बैठकें शुरू करेंगे। गौरतलब है कि पहले ये बैठकें 6 मई को प्रस्तावित थीं, लेकिन किन्हीं कारणों से इन्हें टाल दिया गया था। अब नए शेड्यूल के मुताबिक, मुख्यमंत्री अगले एक साल के लिए विभागों के लक्ष्य निर्धारित करेंगे और जनता से जुड़े 45 बड़े मुद्दों पर ठोस कार्ययोजना तैयार करेंगे।
नीतिगत फैसलों और दूरगामी परिणामों पर फोकस इस मैराथन समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य केवल योजनाओं की प्रगति जानना नहीं, बल्कि नीतियों में आवश्यक बदलाव और दूरगामी प्रभाव वाले फैसले लेना है। मुख्यमंत्री चुनिंदा विभागों के साथ बैठकर हर योजना की समय-सीमा (Deadline) तय करेंगे। सरकार का विशेष ध्यान उन मुद्दों पर है जो सीधे तौर पर आम जनता के हितों से जुड़े हैं।
अगले एक साल का रोडमैप होगा तैयार बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रत्येक विभाग को आगामी एक वर्ष के लिए विशिष्ट लक्ष्य (Targets) सौंपेंगे। इसके लिए विस्तृत शेड्यूल तैयार कर लिया गया है कि किस विभाग के साथ किन प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा होनी है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़े नीतिगत बदलावों पर बड़ा फैसला हो सकता है।
अधिकारियों में बढ़ी हलचल 15 मई के बाद प्रस्तावित इन बैठकों को लेकर प्रशासनिक अमले में हलचल तेज हो गई है। सभी विभाग अपनी रिपोर्ट और भविष्य की योजनाओं का खाका तैयार करने में जुट गए हैं। सरकार का लक्ष्य है कि वित्तीय वर्ष के शुरुआती महीनों में ही लक्ष्यों को स्पष्ट कर दिया जाए ताकि क्रियान्वयन में कोई देरी न हो।









