Raipur News : रायपुर। राजधानी रायपुर में खारून नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महादेव घाट के पास स्थित नगर निगम के विसर्जन कुंड में मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया फिलहाल बंद कर दी है।
प्रशासन के अनुसार नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण महादेव घाट क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। इसी को देखते हुए नागरिकों की सुरक्षा के लिए विसर्जन कुंड में मूर्ति विसर्जन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि फिलहाल महादेव घाट के समीप स्थित विसर्जन कुंड में मूर्ति विसर्जन के लिए न आएं। साथ ही सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।
जलस्तर सामान्य होने के बाद फिर शुरू होगा विसर्जन
Raipur News : प्रशासन ने बताया कि खारून नदी का जलस्तर सामान्य होने के बाद महादेव घाट के विसर्जन कुंड में मूर्ति विसर्जन की प्रक्रिया दोबारा शुरू की जाएगी। विसर्जन शुरू करने को लेकर प्रशासन की ओर से अलग से सूचना जारी की जाएगी।






