Durg Crime: दुर्ग। शहर में एक सराफा कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि करीब दो साल पुरानी घटना को लेकर आरोपी के मन में कारोबारी के प्रति रंजिश थी।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी चेहरे पर मास्क लगाकर चांदी की चेन लेकर कारोबारी की दुकान पहुंचा था। उसने चेन गिरवी रखने की बात कही, लेकिन कारोबारी ने इनकार करते हुए उसे दूसरी दुकान जाने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर छिपाकर रखा चाकू निकाला और कारोबारी पर हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे पकड़ लिया। CSP हर्षित मेहर के मुताबिक, आरोपी 11वीं कक्षा का छात्र है। पुलिस के अनुसार, करीब दो साल पहले आरोपी चांदी की चेन खरीदने दुकान आया था।
Durg Crime: चेन की कीमत 450 रुपए थी, जबकि उसके पास 350 रुपए थे। कीमत को लेकर कारोबारी से विवाद हुआ था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उस दौरान कही गई बात से उसे अपमान महसूस हुआ और तभी से उसके मन में रंजिश थी। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।






