निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। माखननगर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक बारात से लौट रहे थे, जिससे खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया।
टवेरा वाहन ट्राली में जा घुसा
जानकारी के अनुसार महेंद्रवाढ़ी गांव के निवासी बाराती बुधनी से लौट रहे थे। इसी दौरान आचलखेड़ा गांव के पास उनकी टवेरा गाड़ी अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्राली में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
घटना की सूचना मिलते ही माखननगर पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन की हालत बेहद खराब होने के कारण शवों को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और हादसे की जांच शुरू कर दी गई।
Read more : जब सब्जी की दुकान पहुंचीं ममता बनर्जी चुनावी माहौल में दिखा ‘जनता कनेक्ट’ का अलग अंदाज…
चालक को झपकी आने की आशंका
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
गांव में पसरा मातम, खुशियां बदलीं शोक में
एक ही गांव के 5 लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जिस परिवार में कुछ समय पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











