Ambikapur Crime: तेरा बाप पुलिस वाला है तो क्या कर लेगा, बेल्ट-कड़े से IPS के बेटे की पिटाई का मामला, आरोपियों की शहर में निकाला जुलूस

Sanjay Sahu
Ambikapur Crime

Ambikapur Crime: अंबिकापुर। IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक ले जाया। इस दौरान शहर में उनका जुलूस भी निकाला गया। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

7 सितंबर की रात हुई थी मारपीट

मामला 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे का है। IPS रवि कुर्रे का 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से दोस्त प्रिंस गुप्ता के बौरीपारा स्थित घर जा रहा था। प्रिंस के घर से कुछ दूरी पहले बौरीपारा तालाब के पास लेखांश ने कार रोक दी और प्रिंस से मोबाइल पर बात करने लगा।

उस समय मौके पर बौरीपारा निवासी गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत अन्य युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान लेखांश ने मोबाइल पर गोलू गणेश का नाम लिया। इसी बात को लेकर रतन गुप्ता और कोया डॉन ने उससे कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी।

‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल’ कहकर बढ़ा विवाद

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने लेखांश से कहा, ‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल।’ इसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गोलू गणेश ने लेखांश का हाथ पकड़ लिया, जबकि रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता ने हाथ-मुक्के, बेल्ट और कड़े से उसके साथ मारपीट की।

मारपीट में लेखांश की कनपटी, सिर और चेहरे पर चोटें आईं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान एक आरोपी ने उसका गला दबाने की भी कोशिश की। उसके दोस्तों ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे आरोपियों से छुड़ाया।

‘तेरा बाप पुलिस वाला है तो क्या कर लेगा?’

लेखांश के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे धमकी देते हुए कहा कि ‘तेरा बाप पुलिस ऑफिसर है तो हमारा क्या कर लेगा?’ इसके बाद उसने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।

दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक ले जाया गया। पुलिस ने शहर में उनका जुलूस भी निकाला।

न्यायालय में पेशी के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, जुलूस निकालने का उद्देश्य लोगों के मन से आरोपियों का खौफ खत्म करना है।

सिक्योरिटी एजेंसी चलाता है IPS का बेटा

Ambikapur Crime: लेखांश कांत कुर्रे नमनाकला खटिकपारा में रहता है और सिक्योरिटी एजेंसी का संचालक है। उसने पुलिस को दी शिकायत में घटना की जानकारी दी थी। वहीं, IPS रवि कुर्रे वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। इससे पहले वे कोरिया जिले के SP रह चुके हैं।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *