Raigarh Police Operation Aaghaat : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़: जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” ने तस्करों की कमर तोड़ दी है। शनिवार को रायगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों—पूंजीपथरा और पुसौर—में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है।
पूंजीपथरा पुलिस ने घेराबंदी कर एक I20 कार से गांजा खपाने की कोशिश कर रहे दो आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने इनके पास से 2.728 किलो गांजा और नकदी जब्त की है, हालांकि एक आरोपी कार लेकर भागने में सफल रहा जिसकी तलाश जारी है। वहीं, दूसरी ओर पुसौर पुलिस ने ग्राम औरदा में दबिश देकर 71 वर्षीय बुजुर्ग को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं को इस दलदल से बचाने के लिए जनता से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।











