Youth Congress Shubham Srivastava : जबलपुर। यूथ कांग्रेस के जिला ग्रामीण अध्यक्ष शुभम श्रीवास्तव पर लगे दुष्कर्म के गंभीर आरोपों के मामले में शुक्रवार को एक बड़ा उलटफेर सामने आया है। 26 जनवरी को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाने वाली युवती ने अब अपनी शिकायत वापस ले ली है। युवती ने पुलिस को सौंपे शपथ पत्र में स्पष्ट किया है कि यह पूरा मामला आपसी रुपयों के लेनदेन से जुड़ा था, जिसे अब सुलझा लिया गया है।
माइनिंग और गाड़ियों के भुगतान का विवाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता और शुभम के पिता विनोद श्रीवास्तव ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में उनकी माइनिंग खदानों में युवती के पिता की गाड़ियाँ किराए पर चलती थीं। उस समय भुगतान को लेकर कुछ राशि शेष रह गई थी। इसी बकाया राशि के कारण युवती ने आवेश और बहकावे में आकर गंभीर धाराओं में शिकायत दर्ज कराई थी। अब बकाया राशि का हिसाब-किताब होने के बाद मामला शांत हो गया है।
पुलिस की पुष्टि: अब नहीं होगी कार्रवाई विजय नगर थाना प्रभारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकान्त शर्मा ने पुष्टि की है कि युवती ने अपनी पूर्व की शिकायत को रुपयों के लेनदेन का विवाद बताते हुए वापस ले लिया है। युवती ने लिखित रूप में कहा है कि वह शुभम श्रीवास्तव के विरुद्ध अब किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई नहीं चाहती।
राजनीतिक चेहरे को धूमिल करने की आशंका इस पूरे घटनाक्रम के बाद कांग्रेस खेमे में राहत है, वहीं चर्चा यह भी है कि गणतंत्र दिवस के दिन एक उभरते हुए युवा नेता पर इतने गंभीर आरोप लगाना क्या किसी गहरी राजनीतिक साजिश का हिस्सा था? शिकायत वापसी के बाद अब पुलिस इस मामले की फाइल बंद करने की तैयारी में है, लेकिन इस प्रकरण ने शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।











