Up Crime: सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में शादी के महज 24 घंटे बाद नवदंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव में मंगलवार सुबह 21 वर्षीय देशराज चौहान का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी अनीता चौहान बिस्तर पर मृत पड़ी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही बांसी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, देशराज और अनीता के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग था। दोनों परिवारों की सहमति से करीब तीन महीने पहले शादी तय हुई थी। देशराज के मुंबई से लौटने के बाद सोमवार को दोनों ने बांसी स्थित टेकधर मंदिर में विवाह किया था।
शादी के बाद परिवार के लोग खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए। मंगलवार सुबह देशराज की मौसी मीनाक्षी दोनों को जगाने कमरे के पास पहुंचीं। आवाज नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजा धक्का देकर खोला। अंदर देशराज का शव छत की कुंडी से साड़ी के फंदे पर लटका मिला, जबकि अनीता बिस्तर पर मृत थी।
Up Crime: परिजनों के मुताबिक, कमरे में अंदर से कुंडी नहीं लगी थी। परिवार ने किसी विवाद से भी इनकार किया है। देशराज ने शादी से पहले तबीयत खराब होने की बात कही थी, लेकिन घटना से मौत का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
Up Crime: बांसी के CO शुबेन्दु सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। परिजनों से पूछताछ की गई है, लेकिन अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






