freight trains collided : झारखंड। झारखंड के चांडिल में शुक्रवार सुबह बड़ा रेल हादसा हुआ। आद्रा रेल मंडल के चांडिल रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 375/22 के समीप सुबह 4:15 बजे दो मालगाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और लोकोमोटिव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के मुताबिक, एक मालगाड़ी टाटानगर से बोकारो जा रही थी, जबकि दूसरी बोकारो से टाटानगर आ रही थी। शुरुआती जांच में सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेलवे प्रशासन की टीम इसकी जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टाटानगर से पुरुलिया जा रही एक मालगाड़ी चांडिल स्टेशन पार करने के बाद पटरी से उतर गई। इसके डिब्बे विपरीत दिशा के ट्रैक पर आ गए। उसी दौरान सामने से आ रही दूसरी मालगाड़ी उनसे टकरा गई, जिससे उसके भी कई डिब्बे डिरेल हो गए। यह हादसा पितकी रेलवे गेट और चांडिल स्टेशन के बीच हुआ।
चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर चलने वाली सभी ट्रेनें फिलहाल रद्द कर दी गई हैं। कई ट्रेनों को डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक की बहाली में कम से कम 24 घंटे लग सकते हैं। मौके पर राहत और मरम्मत कार्य जारी है।











