रायपुर/बिलासपुर। नवा रायपुर के ट्रिपल आईटी कॉलेज में एआई तकनीक का दुरुपयोग करते हुए तीन दर्जन छात्राओं की अश्लील फोटो बनाने वाले 21 वर्षीय छात्र सैय्यद रहीम अदनान पिता अजहर अली को पुलिस ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब एक छात्रा को यह फोटो भेजा गया, जिसके बाद पूरे कॉलेज में हड़कंप मच गया।
READ MORE : Bhopal : निशातपुरा पुलिस ने करोड़ों की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, बड़ी बरामदगी
प्रबंधन की रिपोर्ट पर राखी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 354 बीएनएस और 67 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी छात्र इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग का पाँचवें सेमेस्टर का विद्यार्थी है। शिकायत मिलने के तुरंत बाद ट्रिपल आईटी ने लेडी प्रोफेसर के नेतृत्व में जांच टीम गठित की और आरोपी के कमरे की तलाशी लेकर मोबाइल, लैपटॉप और पेन ड्राइव जब्त किए। जांच में पाया गया कि उसके पास 36 छात्राओं की अश्लील फोटो मौजूद थीं।
नवा रायपुर एएसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फोटो वायरल होने के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन पुलिस यह पता लगा रही है कि कहीं किसी छात्रा को ब्लैकमेल तो नहीं किया गया। आरोपी को निलंबित कर हॉस्टल खाली करने के निर्देश दिए गए हैं, और उसके माता-पिता को पूरी जानकारी दी गई।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेय साय ने मामले में नाराजगी जताते हुए ट्रिपल आईटी प्रबंधन से पूरी जानकारी ली। इसके बाद प्रबंधन ने पुलिस को लिखित शिकायत और सभी सबूत सौंपे। आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया और शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।











