Friday, August 21, 2026
Home Crime इंदौर में मॉडल से 200 ग्राम सोने की चेन लूट, 2 आरोपी...

इंदौर में मॉडल से 200 ग्राम सोने की चेन लूट, 2 आरोपी गिरफ्तार

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : इंदौर ग्रामीण के किशनगंज थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गुजरात के एक मॉडल से 200 ग्राम सोने की चेन लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को महज तीन दिनों में अंजाम दिया गया, जिसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

कार पंचर होते ही वारदात

घटना 30 मार्च 2026 की देर रात की है, जब गुजरात के दाहोद निवासी मॉडल रोहन विजय कुमार पाटीदार अपने दोस्तों के साथ फॉर्च्यूनर कार से इंदौर आ रहे थे। पिगडम्बर के पास राजपूत ढाबे पर खाना खाने के बाद लौटते समय धानुका कोल्ड के पास उनकी कार पंचर हो गई।

हथियार दिखाकर लूटी चेन

इसी दौरान बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार वहां पहुंची। कार से उतरे बदमाशों ने लोहे की रॉड और चाकू दिखाकर रोहन को धमकाया और उनके गले से करीब 200 ग्राम वजनी सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से भाग निकले।

SIT टीम ने ऐसे पकड़े आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण यांगचैन डोलकर भूटिया के निर्देशन में SIT टीम गठित की गई। टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की। जांच में रितेश राठौर और प्रभु सिंह की पहचान हुई।

अजमेर से हुई गिरफ्तारी

सूचना मिली कि आरोपी रतलाम से ट्रेन के जरिए अजमेर भाग रहे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन के बाहर GRP और स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों पहले भी लूट और चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं।

पीड़ित ने पुलिस का जताया आभार

पीड़ित मॉडल रोहन पाटीदार ने बताया कि आरोपी हथियार से धमका रहे थे, जिससे डरकर उन्होंने खुद ही चेन सौंप दी। उन्होंने इंदौर पुलिस का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here