Tatibandh Room Heater Death : रायपुर। राजधानी के टाटीबंध क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे मोहल्ले को झकझोर कर रख दिया। एक घर में रूम हीटर के उपयोग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस हादसे में घर के भीतर मौजूद एक बुजुर्ग की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। बुजुर्ग उस समय घर में अकेले थे और उनका बेटा बाहर से दरवाजा बंद कर बाजार गया था।
शॉर्ट सर्किट और बेबसी की आग: जानकारी के मुताबिक, ठंड अधिक होने के कारण कमरे में रूम हीटर चालू था। इसी दौरान बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बुजुर्ग, जो शारीरिक रूप से कमजोर थे, खुद को बचाने में असमर्थ रहे।
दरवाजे पर लगा ताला बना ‘काल’: हादसे के वक्त बुजुर्ग का बेटा किसी काम से बाजार गया हुआ था और सुरक्षा के लिहाज से घर का दरवाजा बाहर से लॉक कर गया था। जब घर से काला धुआं निकलते देख आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, तो दरवाजा लॉक होने के कारण वे अंदर नहीं घुस पाए। स्थानीय लोगों ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग की लपटों ने बुजुर्ग को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था।
पुलिस जांच और वायरल वीडियो: घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना का एक विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें घर से धुआं निकलता दिख रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।













