Supriya Thakur Lieutenant : मुंगेली/रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के एक छोटे से गांव टेढाधौरा की होनहार बेटी कुमारी सुप्रिया ठाकुर ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। सुप्रिया का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ है। विशेष बात यह है कि उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक CDS (कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज) में पूरे भारत में चौथा रैंक हासिल किया है।
कठिन परिश्रम से पाया मुकाम
सुप्रिया ठाकुर की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद देश सेवा का सपना देखा और उसे साकार किया। उनकी इस सफलता पर प्रदेश के मंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि सुप्रिया की मेहनत, लगन और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण हर युवा के लिए प्रेरणादायक है।
मंत्री ने दी बधाई और शुभकामनाएं
सुप्रिया की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए मंत्री ने अपने संदेश में कहा:
“मुंगेली जिले के गांव टेढाधौरा की होनहार बेटी सुप्रिया ठाकुर जी को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने पर हार्दिक बधाई। आपकी इस उपलब्धि ने पूरे छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। मां महामाया से प्रार्थना है कि आप निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ें और देश का नाम रोशन करती रहें।”
प्रदेश में हर्ष का माहौल
सुप्रिया के लेफ्टिनेंट बनने की खबर मिलते ही मुंगेली जिले और उनके गांव टेढाधौरा में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सुप्रिया ने यह साबित कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो गांव की गलियों से निकलकर भी देश की सीमाओं की सुरक्षा का नेतृत्व किया जा सकता है।











