Sukma Collector Gogunda Visit : सुकमा: नए वर्ष 2026 की शुरुआत सुकमा जिला प्रशासन ने एक नई इबारत लिखकर की है। कलेक्टर अमित कुमार और एसपी किरण चव्हाण के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने साल के पहले ही दिन सुबह 7:30 बजे धुर नक्सल प्रभावित और अत्यंत दुर्गम ‘नियद नेल्ला नार’ क्षेत्र के ग्राम गोगुंडा में दस्तक दी। घने जंगलों और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों को पार कर जब अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे, तो वहां विश्वास और विकास की एक नई किरण दिखाई दी।
अब गांव में ही मिलेगा राशन: पीडीएस भवन स्वीकृत
कलेक्टर अमित कुमार ने ग्रामीणों की सबसे बड़ी समस्या को दूर करते हुए निर्देश दिए कि अब गोगुंडा में ही राशन का भंडारण और वितरण होगा। इसके लिए पीडीएस (PDS) भवन की तत्काल स्वीकृति प्रदान की गई। अब ग्रामीणों को राशन के लिए मीलों दूर बड़ेसेट्टी जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके साथ ही ई-केवाईसी और राशन कार्ड में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को भी मौके पर ही शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बुनियादी ढांचा और कनेक्टिविटी पर जोर
प्रशासन ने गोगुंडा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मुलेर से गोगुंडा मार्ग के सुधार कार्य को प्राथमिकता दी है। कलेक्टर ने पेयजल, सड़क, बिजली और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर उनकी आजीविका सुधारने पर जोर दिया गया।
संवेदनशीलता: आईईडी ब्लास्ट पीड़ित को मिलेगा कृत्रिम अंग
दौरे के दौरान कलेक्टर ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आईईडी (IED) ब्लास्ट से प्रभावित पीड़ित से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ित को तत्काल कृत्रिम अंग (Artificial Limb) और शासन की सभी सहायता योजनाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके अलावा, गांव में स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन, स्कूल और आंगनवाड़ी भवन के निर्माण कार्यों को भी हरी झंडी दी गई।
लक्ष्य: योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ (Saturation)
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि गोगुंडा में शासन की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत ‘सेचुरेशन’ सुनिश्चित किया जाए। पशुपालकों के लिए पशुशेड के प्रकरण तैयार करने और पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान जिला सीईओ मुकुंद ठाकुर, डीएफओ अक्षय भोंसले सहित अन्य विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।











