Monday, October 5, 2026
Home Chhattisgarh Raigarh Crime News: घरघोड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन, बाइक चोर गिरोह का...

Raigarh Crime News: घरघोड़ा पुलिस का बड़ा एक्शन, बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर 3 आरोपी गिरफ्तार

गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। Nishaanebaz.com-Raigarh Crime News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस ने एक बड़े वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की स्कूटी पर सवार होकर फिर से वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक बुलेट, एक स्कूटी और दो अन्य मोटरसाइकिलों समेत कुल चार चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।

पकड़े गए आरोपियों में दो सगे भाई और एक उनका चचेरा भाई शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी मिलन दास महंत और हरिशंकर महंत सगे भाई हैं, जिनमें हरिशंकर मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता है, जबकि उनका चचेरा भाई कन्हैया दास महंत सक्ती क्षेत्र में ड्राइविंग करता है। तकनीकी जानकारी और वाहनों की अच्छी समझ होने के कारण तीनों ने मिलकर सूने इलाकों से गाड़ियां चुराकर बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने उनके कब्जे से जो बुलेट बरामद की है, जब उसकी जांच ‘सशक्त मोबाइल ऐप’ के माध्यम से की गई, तो पता चला कि उस वाहन के संबंध में थाना सुपेला, जिला दुर्ग में पहले से ही चोरी का अपराध दर्ज है।

Read More : Tamnar Police Crime News: घर की बाड़ी में छिपाकर रखी गई थी महुआ शराब, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोची आरोपिया

घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 19 सितंबर 2026 को प्रार्थी सुनील शर्मा निवासी घरघोड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर की दोपहर उनके घर के सामने खड़ी टीवीएस जुपिटर स्कूटी (क्रमांक CG-13-AV-9139) चोरी हो गई है। इस पर घरघोड़ा थाने में बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद 3 अक्टूबर को जब पुलिस टीम घरघोड़ा क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी, तब इसी चोरी गई स्कूटी पर सवार तीन संदिग्धों को रोका गया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने मई 2026 से लेकर सितंबर 2026 के बीच छाल, घरघोड़ा और बोजिया क्षेत्रों से कुल चार वाहन चुराना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने छाल के बरभौना चौक से एक एन.एक्स.जी. मोटरसाइकिल, घरघोड़ा के नवापारा चौक से चाबी लगी बुलेट, बोजिया मस्जिद के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस व एक अन्य एन.एक्स.जी., तथा अंत में घरघोड़ा से टीवीएस जुपिटर स्कूटी चोरी की थी। पुलिस ने सभी चारों वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया है और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Read More : Rewa University Protest: अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में NSUI का हंगामा, भूख हड़ताल शुरू होते ही पुलिस ने उखाड़ा टेंट

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घरघोड़ा कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक विक्रम चौरसिया, आरक्षक हरीश पटेल, उद्धव पटेल तथा स्थानीय सहयोगी कालिया गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी के मामलों पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की औचक चेकिंग और सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here