Balod News: बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक छात्रा पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 22 वर्षीय छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा, चेहरा और आंख के आसपास का हिस्सा झुलस गया है।
घटना बालोद थाना क्षेत्र में आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने की बताई जा रही है। एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने छात्रा को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि पीड़िता ने एमए की पढ़ाई पूरी कर ली है और वर्तमान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है।
Balod News: घटना के बाद पैदल फरार हुआ आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, एसपी और एएसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मौके से जले हुए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
Balod News: फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम की जांच भी कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले के पीछे क्या वजह थी और आरोपी ने किस पदार्थ का इस्तेमाल किया था। मामले में आगे की जांच जारी है।






