Singrauli News: सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरवई कला घाटी सीमा के पास स्थित पिडरवाह जंगल में मंगलवार को एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बरगवां थाना एवं खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
Singrauli News: प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र से गुजर रहे ग्रामीणों को दुर्गंध महसूस हुई। संदेह होने पर जब उन्होंने आसपास तलाश की, तो झाड़ियों के बीच एक महिला का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत लगभग 3 से 4 दिन पूर्व हुई होगी।
घटनास्थल से पुलिस को एक झोला भी मिला है, जिसमें कुछ दस्तावेज पाए गए हैं। दस्तावेजों में साहिरा खातून (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी तेलदह का नाम अंकित है, हालांकि पुलिस द्वारा इसकी अभी पुष्टि नहीं की गई है।
Singrauli News: प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने के साथ-साथ आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी मामलों की भी जांच कर रही है। फिलहाल संबंधित महिला की गुमशुदगी की पुष्टि नहीं हो सकी है।
Singrauli News: थाना प्रभारी बरगवां मो. समीर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।











