Silver Jubilee at Makadi : माकड़ी (कोण्डागांव): रजत महोत्सव के उपलक्ष्य में समाज कल्याण विभाग एवं जनपद पंचायत माकड़ी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत माकड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के वृद्धजनों और दिव्यांगजनों का शाल व श्रीफल से सम्मान किया गया। साथ ही, उनकी जीवन को सुगम बनाने के लिए विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम उपस्थित रहीं। उनके साथ उपाध्यक्ष श्री बैषाखू राम कार्राम, जनपद सदस्य श्रीमती विद्या नेताम, श्रीमती पूजा शर्मा, श्रीमती निलिमा प्रभाकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने वृद्धजनों के अनुभव को समाज की धरोहर बताते हुए उनका आशीर्वाद लिया।
Silver Jubilee at Makadi : उपकरणों का वितरण और विभागीय सुविधाएं: समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में हितग्राहियों को उनकी आवश्यकतानुसार उपकरण प्रदान किए गए। वितरण की सूची में निम्नलिखित उपकरण शामिल रहे:
- 85 वृद्धजनों को छड़ी
- 15 दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल
- 10 हितग्राहियों को मोटराईज्ड ट्रायसायकल
- 30 श्रवण यंत्र, 10 बैषाखी और 06 व्हील चेयर
सहायता के साथ-साथ विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान 10 वृद्धजनों का डी.एल.सी. (Digital Life Certificate) कार्य मौके पर ही पूर्ण किया गया, जिससे उनकी पेंशन संबंधी बाधाएं दूर होंगी। इसके अतिरिक्त, विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए इसके नुकसान बताए गए।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की अधिकारी श्रीमती ललिता लकड़ा, जनपद सीईओ श्री गजेन्द्र ध्रुवडे, स्थानीय सरपंच-पंच, मितानीन और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सहायक उपकरण पाकर सभी हितग्राहियों ने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।











