निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : दिल्ली नगर निगम (MCD) को नया कमिश्नर मिल गया है। 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी संजीव खिरवार को इस अहम पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। खिरवार गुरुवार को एमसीडी कमिश्नर का पदभार संभालेंगे। वे 1992 बैच के आईएएस अधिकारी अश्विनी कुमार की जगह लेंगे, जिन्हें हाल ही में जम्मू-कश्मीर ट्रांसफर किया गया है।
तीन साल पुराने विवाद के बाद दिल्ली में नई जिम्मेदारी
संजीव खिरवार की यह नियुक्ति इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वर्ष 2022 में उनका नाम त्यागराज स्टेडियम विवाद से जुड़ा था। उस समय आरोप लगे थे कि स्टेडियम में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों और कोचों को शाम 7 बजे मैदान खाली करने के लिए कहा जाता था, ताकि खिरवार और उनकी पत्नी आईएएस रिंकू दुग्गा अपने पालतू कुत्ते को टहला सकें। खिलाड़ियों का कहना था कि उनकी नियमित प्रैक्टिस रात 8:30 बजे तक चलती थी, लेकिन इस फैसले से उनका रूटीन प्रभावित हो रहा था।
वीडियो वायरल, देशभर में उठा था सवाल
विवाद के दौरान एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें संजीव खिरवार और उनकी पत्नी ट्रैक पर कुत्ते के साथ चलते नजर आए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया था। हालांकि, खिरवार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया था। स्टेडियम प्रशासन ने भी सफाई दी थी कि खिलाड़ियों के लिए आधिकारिक समय शाम 7 बजे तक ही निर्धारित था।
जांच के बाद लद्दाख ट्रांसफर
विवाद बढ़ने पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूरे मामले की जांच कराई। रिपोर्ट के आधार पर संजीव खिरवार का तबादला लद्दाख कर दिया गया, जबकि उनकी पत्नी रिंकू दुग्गा को अरुणाचल प्रदेश भेजा गया। बाद में वर्ष 2023 में रिंकू दुग्गा को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई। लद्दाख में रहते हुए खिरवार ने स्वास्थ्य और मेडिकल एजुकेशन जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
विवाद के बाद बदली थी खेल सुविधाओं की नीति
त्यागराज स्टेडियम विवाद के बाद तत्कालीन दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आदेश जारी किया था कि दिल्ली सरकार द्वारा संचालित सभी खेल सुविधाएं रात 10 बजे तक खिलाड़ियों के लिए खुली रहेंगी। इस फैसले को खिलाड़ियों के हित में बड़ा कदम माना गया था।
एमसीडी कमिश्नर के रूप में बड़ी चुनौती
अब AGMUT कैडर में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत संजीव खिरवार की दिल्ली में वापसी हुई है। एमसीडी कमिश्नर के तौर पर उनके सामने राजधानी की सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, नगर सेवाओं और वित्तीय अनुशासन जैसी बड़ी जिम्मेदारियां होंगी। तीन साल पहले विवादों में रहे अधिकारी के लिए यह पद एक नई परीक्षा और छवि सुधारने का अवसर भी माना जा रहा है।











