Rewa Student Suicide : रीवा | रीवा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में एक 11वीं की छात्रा की संदिग्ध आत्महत्या से पूरा क्षेत्र दहल गया है। छात्रा ने अपने ही घर के बाथरूम में फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। मामले ने तूल तब पकड़ा जब परिजनों ने स्कूल के छात्रों और एक शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए। वहीं स्कूल प्रबंधन ने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया है, और पुलिस की प्राथमिक जांच ने नया मोड़ दे दिया है।
Rewa Student Suicide : सिमरिया में हुई यह घटना तब सामने आई जब परिजनों ने दावा किया कि छात्रा को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप के अनुसार, स्कूल की ही एक छात्र ने मृतका की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उससे अनर्गल बातें पोस्ट की जाती थीं। परिजनों का कहना है कि मामले को स्कूल प्रबंधन ने दबा दिया और आरोपी छात्रा से माफी मंगवाकर बात खत्म कर दी—लेकिन पीड़ित परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी।
दूसरा आरोप एक शिक्षक पर लगाया गया है, जिसके बारे में परिजनों का कहना है कि छात्रा ने अपनी निजी डायरी में शिक्षक के बैड टच और प्रताड़ना का जिक्र किया था। हालांकि स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट कहा है कि “स्कूल में किसी भी प्रकार की प्रताड़ना की घटना नहीं हुई है” और वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
पुलिस ने भी मामले में बड़ा खुलासा किया है। जांच अधिकारी के मुताबिक, परिजनों द्वारा दिखाई गई डायरी आत्महत्या नोट नहीं है, बल्कि यह 3 साल पुरानी है, जब छात्रा दूसरे स्कूल में पढ़ती थी। पुलिस ने डायरी और मोबाइल जब्त कर लिया है और सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच की जा रही है।
अब पूरा मामला पुलिस की जांच पर टिका है कि छात्रा की मौत के पीछे सोशल मीडिया ट्रोलिंग, शिक्षक पर लगे आरोप, या कोई और छिपा कारण जिम्मेदार है।











