राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया है। चिचोला चौकी क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर स्थित श्री जय गुरुदेव राइस मिल में गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया, जब राइस मिल परिसर में बनी करीब 75 क्विंटल वजनी चिमनी अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ी। इस हादसे ने मौके पर अफरा-तफरी मचा दी।
काम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय चिमनी के आसपास करीब 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। शाम लगभग 4:30 बजे अचानक तेज आवाज के साथ चिमनी गिर गई। मजदूरों को संभलने का मौका भी नहीं मिला और वे इधर-उधर भागने लगे।
Read More : M.P Crime : टीकमगढ़ में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
एक मजदूर की मौके पर मौत
इस भीषण हादसे में मोतीपुर निवासी मुकेश कुमार कंवर चिमनी के मलबे की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं हादसे में तीन अन्य मजदूर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही चिचोला चौकी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों के इलाज की निगरानी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चिमनी की जर्जर हालत और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।
जांच के आदेश
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह भी देखा जा रहा है कि राइस मिल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











