C.G Weather : छत्तीसगढ़ में हाड़ कंपाने वाली सर्दी, रायपुर-बिलासपुर में धुंध का असर, कोहरे से बिगड़ा जनजीवन

0
221
Weather Update
छत्तीसगढ़ में ठंड

रायपुर : छत्तीसगढ़ में इन दिनों हाड़ कंपाने वाली सर्दी पड़ रही है। राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। इन दोनों क्षेत्रों में शीतलहर के साथ-साथ घने कोहरे और धुंध ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार (20 दिसंबर) को पेंड्रा रोड और अमरकंटक क्षेत्र पूरी तरह शीतलहर और कोहरे की चपेट में रहे।

अंबिकापुर में पारा 5.2 डिग्री पर पहुंचा

सरगुजा संभाग इस समय प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। अंबिकापुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा। वहीं रायपुर में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री, बिलासपुर में 11.6 डिग्री, पेंड्रा रोड में 6.2 डिग्री, जगदलपुर में 8.9 डिग्री और दुर्ग में 9.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

Read More : C.G News : राजनांदगांव के राइस मिल में बड़ा हादसा, 75 क्विंटल वजनी चिमनी गिरने से मजदूर की मौत

कोहरे से घटी दृश्यता

सरगुजा संभाग में ठंड के साथ-साथ घने कोहरे का भी असर देखने को मिल रहा है। अंबिकापुर सहित कई इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। रायपुर और बिलासपुर में भी धुंध और कुहासे के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने अंबिकापुर, पेंड्रा रोड और बिलासपुर में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है।

अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 27 डिग्री और 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here