Rajwada E-Bus Accident: निशानेबाज न्यूज़ डेस्क-इंदौर के राजबाड़ा इलाके में हुए ई-बस हादसे में इलाज के दौरान दूसरी मौत हो गई है। हादसे में अनियंत्रित हुई ई-बस ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था। सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान पहले छोटा बांगड़दा निवासी पिंटू उर्फ गणेश की मौत हुई और अब राऊ निवासी जितेन्द्र शर्मा ने भी दम तोड़ दिया।हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति देवास निवासी राधेश्याम की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।
ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबने से बेकाबू हुई बस
जानकारी के मुताबिक, हादसा राजबाड़ा क्षेत्र में दोपहर करीब ढाई से पौने तीन बजे के बीच हुआ था। पुलिस के अनुसार, बस चालक धनराज ने पूछताछ में बताया कि बस चलाते समय ब्रेक लगाने की बजाय गलती से उसका पैर एक्सीलेटर पर दब गया।इसके बाद ई-बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक पर गैर-इरादतन हत्या का केस
मामले में एमजी रोड थाना पुलिस ने बस चालक धनराज के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार करने के साथ बस भी जब्त कर ली है।पुलिस आरोपी चालक को कोर्ट में पेश कर रही है। मामले में हादसे की परिस्थितियों और चालक के बयान के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद बस में की गई तोड़फोड़
ई-बस हादसे के बाद मौके पर कुछ लोगों द्वारा बस में तोड़फोड़ किए जाने का मामला भी सामने आया। आरोप है कि लोगों ने बस पर पत्थर मारे, जिससे उसके कांच टूट गए और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा।इस मामले में भी एमजी रोड थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित धारा 270 और 324(5) के तहत केस दर्ज किया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश
पुलिस की एफआईआर में तीन नामजद आरोपियों समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।वहीं, पुलिस अब CCTV फुटेज की मदद से तोड़फोड़ में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही एडिशनल डीसीपी प्रशांत चौबे, एसीपी स्टाफ, एसीपी कोतवाली और एमजी रोड थाना प्रभारी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने मौके की स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।फिलहाल पुलिस ई-बस हादसे और उसके बाद हुई तोड़फोड़, दोनों मामलों में अलग-अलग जांच कर रही है। हादसे में दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीसरे घायल का इलाज जारी है।






