NSS camp : राजनांदगांव (संवाददाता: हेमंत वर्मा): साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से राजनांदगांव साइबर सेल द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम अलीखूंटा (रानीतराई) में आयोजित शासकीय कमला देवी रठी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर में साइबर सेल की टीम ने दस्तक दी। यहाँ टीम ने शिविर में शामिल छात्राओं और स्थानीय ग्रामीणों को साइबर अपराधों की बारीकियों और उनसे बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल के विशेषज्ञों ने वर्तमान में बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड, जैसे—ओटीपी (OTP) शेयरिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग और लोन ऐप के माध्यम से होने वाली ठगी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी अंजान व्यक्ति को अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और डिजिटल लेनदेन करते समय विशेष सावधानी बरतें।
अभियान के दौरान विशेष रूप से साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना समय गंवाए तत्काल 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते ठगी गई राशि को फ्रीज कराया जा सके। इस अवसर पर साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। एनएसएस की छात्राओं और ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और स्वयं भी दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया।











