Rajat Jayanti : रायपुर: राज्योत्सव रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को रायपुर दौरे पर आएंगे। शुरुआत में उनका दौरा दो दिन का होना था, लेकिन अब कार्यक्रम को घटाकर एक दिन में समाहित किया गया है। पहले पीएम मोदी 31 अक्टूबर की शाम रायपुर आने वाले थे, लेकिन बिहार चुनाव में व्यस्तता के कारण अब वे सीधे 1 नवंबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगे। इस दिन वे कुल पांच अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
सबसे पहले पीएम मोदी सत्य साई हॉस्पिटल जाएंगे, जहां बच्चों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी के शांति शिखर भवन का उद्घाटन करेंगे। ब्रह्माकुमारी बहनों के कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नवा रायपुर स्थित ट्राइबल म्यूजियम का दौरा करेंगे और राज्य की जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसी दिन वे नई विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। दिन का समापन वे राज्योत्सव रजत जयंती समारोह में आमसभा को संबोधित कर करेंगे।
Rajat Jayanti : प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुबह 7:30 बजे दिल्ली से रवाना होने के साथ शुरू होगा और सुबह 9:10 बजे वे रायपुर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। एयरपोर्ट से सीधे सत्य साई हॉस्पिटल पहुंचने के बाद पीएम मोदी बच्चों से मुलाकात करेंगे। 10 बजे ब्रह्माकुमारी बहनों के शांति शिखर भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद ट्राइबल म्यूजियम का अवलोकन, नई विधानसभा भवन का लोकार्पण और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। राज्योत्सव स्थल पर दोपहर 3 बजे रजत जयंती समारोह का शुभारंभ होगा।
इस वर्ष उत्तीसगढ़ अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है। राज्य सरकार ने इस अवसर पर राज्योत्सव के कार्यक्रम को पहले के 3 दिन से बढ़ाकर 5 दिन करने का निर्णय लिया है। आयोजन 1 से 5 नवंबर तक नवा रायपुर में भव्य रूप से संपन्न होगा। समापन समारोह में उपराष्ट्रपति भी उपस्थित रहेंगे।
Rajat Jayanti : प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और उद्घाटनों की सुचारु व्यवस्था के लिए राज्य सरकार ने 6 नोडल अफसर नियुक्त किए हैं। गृह एवं जेल एसीएस मनोज कुमार पिगुआ को प्रधानमंत्री के दौरे और विधानसभा भवन के उद्घाटन की निगरानी दी गई है। ट्राइबल विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोराको आदिवासी संग्रहालय के उद्घाटन के लिए, सचिव परिवहन एस. प्रकाश संसदीय कार्य और नए विधानसभा भवन के उद्घाटन के लिए, सचिव समाज कल्याण भुवनेश यादव राज्योत्सव मुख्य मंच की व्यवस्था के लिए, सचिव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा एस. भारतीदासन राज्योत्सव स्थल की प्रदर्शनी व्यवस्था के लिए और आयुक्त स्वास्थ्य डॉ. प्रियंका मुक्ता ब्रह्माकुमारी ध्यान केंद्र के उद्घाटन के लिए नोडल अफसर बनाए गए हैं।
इस वर्ष के पांच दिवसीय आयोजन में मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। राज्योत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, औपचारिक समारोह और बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।











