Raipur News : रायपुर। छत्तीसगढ़ NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के खिलाफ एक युवक ने 29 लाख रुपए से अधिक की ठगी की शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि अलग-अलग काम और रोजगार दिलाने का भरोसा देकर उससे कई बार रकम ली गई, लेकिन वादा किए गए काम पूरे नहीं किए गए। वहीं नीरज पांडेय ने शिकायत में लगाए गए आरोपों को गलत बताया है।
शिकायतकर्ता राजू सोनकर, जो पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है, ने अपनी शिकायत में नीरज पांडेय के साथ उनके भाई दीपक पांडेय और चाचा इंद्रासन पांडेय के नाम भी शामिल किए हैं।
नौकरी, फ्रेंचाइजी और रेत खदान दिलाने का आरोप
राजू सोनकर का आरोप है कि सिप्ला कंपनी की एजेंसी या डीलरशिप दिलाने, DKS अस्पताल में नौकरी लगवाने, कैंटीन का ठेका दिलाने और रेत खदान का काम दिलाने के नाम पर उससे रकम ली गई। शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया है कि उसकी पत्नी को मंत्रालय में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था।
शिकायत में अलग-अलग समय पर किए गए भुगतान और बैंक ट्रांजेक्शन का उल्लेख किए जाने की बात कही गई है। युवक के मुताबिक, रकम देने के बाद जब संबंधित काम नहीं हुए तो उसने पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।
पुलिस कमिश्नर और डिप्टी सीएम कार्यालय में शिकायत
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने रायपुर पुलिस कमिश्नर के समक्ष आवेदन दिया है। इसके बाद डिप्टी सीएम कार्यालय में भी शिकायत देकर कार्रवाई और न्याय की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उसने आवेदन में आशंका व्यक्त की है कि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होने पर इसके लिए नीरज पांडेय, दीपक पांडेय और इंद्रासन पांडेय जिम्मेदार होंगे।
नीरज पांडेय ने आरोपों को बताया गलत
वहीं NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं।
Raipur News : फिलहाल यह मामला शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों और संबंधित पक्ष के बयान तक सीमित है। पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






