Raipur Crime: रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर पर रायपुर पुलिस ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। कार्यालय पुलिस उपायुक्त, मध्य क्षेत्र रायपुर से जारी आदेश के मुताबिक, शोएब की गिरफ्तारी या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
Raipur Crime: पुलिस के अनुसार, आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा है। उसकी तलाश में कई स्तर पर पुलिस टीमों को लगाया गया है, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई और पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर मांगे थे 25 करोड़
मामले में आरोप है कि कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन कर 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। जांच के दौरान कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर का नाम सामने आया था। पुलिस ने मामले में उसे गिरफ्तार भी किया था और तेलीबांधा पुलिस ने कोर्ट में पेश किया था। इसके बाद आरोपी के फरार होने की स्थिति में पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा।
पता बताने वाले को मिलेगा 5 हजार का इनाम
पुलिस उपायुक्त मध्य क्षेत्र तारकेश्वर पटेल ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत शोएब ढेबर पर इनाम घोषित किया है। आदेश के अनुसार, जो व्यक्ति आरोपी को गिरफ्तार करेगा, उसकी गिरफ्तारी करवाएगा या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली विश्वसनीय सूचना देगा, उसे 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इनाम दिए जाने को लेकर अंतिम निर्णय पुलिस उपायुक्त, मध्य क्षेत्र रायपुर का होगा।
Raipur Crime: दो पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई
Raipur Crime: इधर, शोएब ढेबर की तलाश के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर भी विभागीय कार्रवाई की गई है। इनमें कॉन्स्टेबल शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मियों पर संबंधित मामले की गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है। हालांकि, इस आरोप और कार्रवाई के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अधिकारियों की ओर से नहीं की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।






