Raipur Crime : रायपुर। बूढ़ापारा इलाके में ई-व्हीकल एजेंसी दिलाने के नाम पर 42.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Raipur Crime : बूढ़ापारा निवासी रूपेश कुमार सोनी वर्ष 2023 में ई-व्हीकल से जुड़ा व्यवसाय शुरू करना चाहता था। इसी दौरान उसके पड़ोसी पंकज कुमार जैन (कोचर) ने इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन की एजेंसी दिलाने का झांसा दिया और उसकी मुलाकात सागर प्रकाश शिल्के से कराई। सागर ने खुद को इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बताते हुए एजेंसी दिलाने का भरोसा दिलाया।
Raipur Crime : आरोप है कि दोनों आरोपियों ने मिलकर 22 मई 2023 से 12 अक्टूबर 2023 के बीच रूपेश से उसके दो बैंकों के चेक के जरिए कुल 42 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने शो-रूम के लिए जगह तलाशने को कहा। उनके कहने पर पीड़ित ने संतोषीनगर, पुराना धमतरी रोड स्थित एक दुकान 30 हजार रुपये मासिक किराए पर ली और इलेक्ट्रिक वाहन शो-रूम तैयार कराया, जिस पर अलग से लाखों रुपये खर्च हुए।
Raipur Crime : लगातार दबाव बनाने पर करीब दो साल बाद आरोपियों ने किश्तों में केवल 14.50 लाख रुपये लौटाए और शेष रकम वाहन प्रमोशन में खर्च होने की बात कही। इसके बावजूद न तो एजेंसी दी गई और न ही वाहनों की सप्लाई की गई।
Raipur Crime : शक होने पर पीड़ित ने सागर प्रकाश शिल्के के बताए गए पते पर जाकर संपर्क करने की कोशिश की, जो फर्जी निकला। इसके बाद रूपेश ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।











