Sunday, September 27, 2026
Home Chhattisgarh Raigarh Police Action : रायगढ़: बर्तन दुकान में चल रहा था ऑनलाइन...

Raigarh Police Action : रायगढ़: बर्तन दुकान में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा; पुलिस ने दो खाईवालों को दबोचा, नकदी और मोबाइल जब्त

Raigarh Police Action : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क पर एक और करारा प्रहार किया है। सोमवार रात पूंजीपथरा और साइबर थाने की संयुक्त टीम ने ग्राम गेरवानी में एक बर्तन दुकान पर दबिश देकर दो शातिर खाईवालों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके पास से नगदी और सट्टे में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बर्तन दुकान की आड़ में सट्टे का खेल पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान के भीतर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाया जा रहा है। घेराबंदी कर की गई कार्रवाई में पुलिस ने श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी डिजिटल पेमेंट और बारकोड प्रणाली का उपयोग कर सट्टे की राशि का लेनदेन कर रहे थे।

जब्ती और मुख्य खाईवाल की तलाश पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से 3 मोबाइल और 17,000 रुपये तथा सुरेश अग्रवाल से 1 मोबाइल और 1,400 रुपये (कुल 18,400 रुपये) जब्त किए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये दोनों आरोपी मुख्य खाईवाल रामफल अग्रवाल के लिए काम करते थे। पुलिस की भनक लगते ही रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

कठोर कानूनी कार्रवाई का संदेश गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में ऑनलाइन जुआ और सट्टा चलाने वाले नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म या मोबाइल एप के जरिए होने वाले ऐसे अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को अवश्य दें।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here