Raigarh Plant Blast : मां मनी प्लांट में ब्लास्ट, 4 मजदूर झुलसे, 2 की हालत गंभीर…..

Parivesh

रायगढ़। Raigarh Plant Blast : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा गांव स्थित मां मनी प्लांट में आज सुबह-सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। संयंत्र के फर्नेस (भट्ठी) में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे वहां कार्यरत चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें रायगढ़ के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती किया गया है।

हादसे में घायल हुए मजदूरों की पहचान अनुज कुमार (35), सुधीर कुमार (47), रामानंद सहनी (40) और संजय श्रीवास्तव (52) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ये सभी मजदूर बिहार के निवासी हैं और मां मनी प्लांट में ठेका श्रमिक के रूप में कार्यरत थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोज की तरह मजदूर सुबह अपनी शिफ्ट में काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ फर्नेस में विस्फोट हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के कर्मचारी भी सहम गए। घायलों को तत्काल संयंत्र के स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां दो मजदूरों की स्थिति को गंभीर मानते हुए आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।

प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और औद्योगिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। हादसे की वजह तकनीकी खामी मानी जा रही है, लेकिन विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही असल कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *