PM MODI : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 से 15 सितंबर के बीच मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार के दौरे पर हैं, जहां वे 71,850 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने मिजोरम से की, जहां बैराबी-सैरांग नई रेल लाइन का उद्घाटन किया। इसके बाद मणिपुर में उन्होंने हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
PM MODI : मणिपुर में लगातार खराब मौसम के चलते प्रधानमंत्री को हेलिकॉप्टर से चुराचांदपुर जाने की अनुमति नहीं मिली। इसके बावजूद उन्होंने सड़क मार्ग से करीब 65 किलोमीटर की दूरी तय की और निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल हुए। भारी बारिश के बीच प्रधानमंत्री ने चुराचांदपुर में लोगों को संबोधित किया।
PM MODI : प्रधानमंत्री ने मणिपुर की स्थिति पर संवेदना जताते हुए कहा, “मैं वादा करता हूं, मैं आपके साथ हूं। भारत सरकार आपके साथ है।” उन्होंने बताया कि मणिपुर में सामान्य जीवन को फिर से पटरी पर लाने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से प्रयास कर रही है। बेघर हुए परिवारों के लिए 7,000 नए घर बनाए जाएंगे। इसके अलावा 3,000 करोड़ रुपये का विशेष पुनर्वास पैकेज और 500 करोड़ रुपये विस्थापितों की सहायता के लिए स्वीकृत किए गए हैं।
PM MODI : चुराचांदपुर में उन्होंने 7,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की नींव रखी। इसमें 3,600 करोड़ रुपये की शहरी सड़क, जल निकासी और परिसंपत्ति प्रबंधन सुधार परियोजना, 2,500 करोड़ रुपये की पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, मणिपुर इन्फोटेक विकास (MIND) परियोजना और नौ स्थानों पर कामकाजी महिलाओं के छात्रावास शामिल हैं। साथ ही इंफाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जिनमें मंत्रीपुखरी स्थित नया सिविल सचिवालय, आईटी एसईजेड भवन, नया पुलिस मुख्यालय, दिल्ली और कोलकाता में मणिपुर भवन, और चार जिलों में विशेष इमा मार्केट शामिल हैं।
PM MODI : प्रधानमंत्री ने मणिपुर की जनता के साहस और जुझारूपन की सराहना करते हुए कहा कि यह धरती मेहनत, हिम्मत और जज़्बे की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से मणिपुर की कनेक्टिविटी सुधारने पर विशेष बल दिया गया है, जिसके तहत रेलवे विस्तार और गांवों तक सड़क संपर्क में तेज़ी लाई गई है।
PM MODI : इधर, प्रधानमंत्री के मणिपुर दौरे के दौरान कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इम्फाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जिसे देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई।
PM MODI : प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे पर विपक्ष की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सीपीआई (एम) सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा कि यह दौरा बहुत देर से हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री पहले सभी दलों को साथ लेकर मणिपुर जाते, तो शांति बहाल करने में मदद मिलती। फिर भी उन्होंने इस पहल का समर्थन करते हुए भरोसा और विश्वास कायम रखने की अपील की।
PM MODI : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी प्रधानमंत्री के दौरे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह कदम पहले उठाया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जब किसी भी राज्य में लोग पीड़ा में होते हैं, तो प्रधानमंत्री का फर्ज होता है कि वह वहां जाकर उनकी बात सुनें और समाधान करें।
PM MODI : इससे पहले प्रधानमंत्री ने मिजोरम में रेलवे परियोजना का उद्घाटन किया, जिससे आइजोल अब भारतीय रेलवे के नक्शे से जुड़ गया है। खराब मौसम के कारण वह ग्राउंड इवेंट में शामिल नहीं हो सके, लेकिन लेंगपुई एयरपोर्ट से ही उन्होंने तीन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मिजोरम में अपने संबोधन में उन्होंने जीएसटी की उपलब्धियां गिनाईं और बताया कि कैसे आम जरूरत की वस्तुओं पर टैक्स में भारी कटौती हुई है।
PM MODI : इस पूरे दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विकास के साथ-साथ संवेदनशील मुद्दों पर भी ध्यान केंद्रित करते हुए अपने इरादों को स्पष्ट किया कि सरकार पूर्वोत्तर के समग्र और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।









