Gharghoda Shyam Darbar : गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा। नगर में एक बार फिर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 29 दिसंबर, सोमवार को घरघोड़ा नगर श्याम भक्ति के रंग में सराबोर होने जा रहा है। स्टेट बैंक के पास स्थित हनुमान चौक पर बाबा श्याम का भव्य और दिव्य दरबार सजाया जाएगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अलौकिक आयोजन को लेकर नगरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्याम प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार शाम 7:15 बजे से होगा, जहां बाबा श्याम के अखंड ज्योत के साथ भजनों की अमृत वर्षा शुरू होगी। आयोजन स्थल को विशेष रूप से कोलकाता और बंगलुरु के सुगंधित फूलों एवं आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। भक्तों का मानना है कि बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने मात्र से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का वास होता है।
इस पावन आयोजन के निवेदक मित्तल परिवार, घरघोड़ा हैं, जबकि आयोजन का श्रेय “करने वाले श्याम, कराने वाले श्याम” की भावना को समर्पित किया गया है। आयोजकों ने बताया कि इस भजन संध्या में सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा बाबा के चरणों में भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। उन्होंने समस्त नगरवासियों और धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आध्यात्मिक उत्सव का लाभ उठाएं और बाबा श्याम की कृपा प्राप्त करें।





