Patwari Recruitment: रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पटवारी संवर्ग के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के प्रस्ताव को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस संबंध में विभाग ने 6 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया है। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश के 26 जिलों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने का रास्ता साफ होगा।
लिखित परीक्षा के जरिए होगा चयन
विभागीय आदेश के अनुसार, पटवारी पदों पर भर्ती शासन के निर्धारित सेवा नियमों और आरक्षण प्रावधानों के तहत की जाएगी। चयन के लिए संबंधित परीक्षा एजेंसी के माध्यम से लिखित परीक्षा आयोजित किए जाने की व्यवस्था रहेगी। हालांकि, अभी भर्ती की विस्तृत प्रक्रिया और परीक्षा से संबंधित कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
पांच जिलों में 75 पदों पर होगी भर्ती
प्रस्ताव के तहत पांच जिलों में 15-15 पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, बालोद, बेमेतरा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई शामिल हैं। इन पांच जिलों में कुल 75 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके अलावा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कबीरधाम, उत्तर बस्तर कांकेर और सक्ती जिले में 10-10 पद स्वीकृत किए गए हैं। इन चार जिलों में कुल 40 पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। शेष 85 पद प्रदेश के अन्य जिलों में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर भरे जाएंगे।
Patwari Recruitment: आवेदन कब से होंगे शुरू?
Patwari Recruitment: फिलहाल सरकार की ओर से भर्ती के लिए केवल प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तारीख और आवेदन की अंतिम तिथि को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, परीक्षा शुल्क, पाठ्यक्रम और अन्य पात्रता शर्तों की जानकारी भी विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। युवाओं को अब भर्ती के आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार करना होगा। विज्ञापन जारी होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा कार्यक्रम और चयन से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आएगी।