CG NEWS: रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ की पहल महत्वपूर्ण रही है। संघ ने कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू होने पर राज्य सरकार का आभार जताया है। संगठन ने इसे कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानियों से राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष टारजन गुप्ता के नेतृत्व में संगठन ने कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। इस पहल में प्रवीण डीडवांसी, हरीश जायसवाल, मिर्जा कासिम, आर.के. अवस्थी, सरोज बाघमार और रामशिला साहू सहित अन्य पदाधिकारियों की भूमिका रही।
गंभीर बीमारी और आपातकाल में मिलेगी राहत
संघ के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश पटेल और आईटी सेल प्रभारी संत साहू ने कहा कि शासकीय कर्मचारी विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं देकर जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी, दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में अस्पताल में इलाज कराने के लिए बड़ी रकम की जरूरत पड़ती है। कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से कर्मचारियों को इलाज के समय तत्काल पैसों की व्यवस्था करने की चिंता से राहत मिल सकती है। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत होगी।
सभी पात्र कर्मचारियों को मिले योजना का लाभ
स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश के सभी पात्र शासकीय कर्मचारियों, अधिकारियों और उनके आश्रित परिवारजनों को इसका लाभ मिलना चाहिए। साथ ही सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
संघ ने चिकित्सा सुविधा के दायरे में गंभीर बीमारियों के उपचार, दुर्घटना एवं आपातकालीन चिकित्सा, डे-केयर प्रक्रियाओं, अस्पताल में भर्ती होने से पहले और छुट्टी के बाद के उपचार खर्च, एम्बुलेंस सुविधा तथा वार्षिक स्वास्थ्य जांच जैसी सुविधाओं को शामिल करने की मांग भी रखी थी।
कर्मचारी हित में अहम कदम
CG NEWS: संघ के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि कैशलेस स्वास्थ्य योजना कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए राहतकारी साबित हो सकती है। संगठन ने उम्मीद जताई कि योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा और जरूरत के समय उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।