Nitin Nabin BJP President : ग्वालियर: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्वाचन की घोषणा होते ही ग्वालियर स्थित बीजेपी जिला मुख्यालय ‘मुखर्जी भवन’ में जश्न का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर अपनी खुशी का इजहार किया। इस गौरवशाली अवसर पर प्रदेश सरकार के दो कद्दावर मंत्री— नारायण सिंह कुशवाहा और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर विशेष रूप से मौजूद रहे और नवनिर्वाचित अध्यक्ष को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
मीडिया से चर्चा करते हुए उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की ही विशेषता है कि यहाँ एक सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाला कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और निष्ठा के बल पर संगठन के सर्वोच्च शिखर तक पहुँच सकता है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन जी का अध्यक्ष बनना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी अपने समर्पित कार्यकर्ताओं का पूरा ख्याल रखती है। उनके नेतृत्व में पार्टी पूरे देश में और अधिक मजबूती से विस्तार करेगी।
वहीं, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नितिन नबीन जी एक ऊर्जावान युवा नेता हैं और उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से देशभर के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह बीजेपी का लोकतांत्रिक संस्कार ही है कि यहाँ वंशवाद के बजाय योग्यता और संगठन के प्रति समर्पण को वरीयता दी जाती है। ऊर्जा मंत्री ने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को और गति प्रदान करेगी।
मुखर्जी भवन में आयोजित इस जश्न में बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, पार्षद और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने “नितिन नबीन जिंदाबाद” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया। ग्वालियर के इन दोनों दिग्गज मंत्रियों ने इसे पार्टी के लिए एक नए युग की शुरुआत बताया और सामूहिक रूप से प्रदेश की ओर से नवनिर्वाचित अध्यक्ष का अभिनंदन किया।













