Jabalpur News : बरगी के निगरी गांव में गंदे पानी का कहर: 100 से अधिक लोग बीमार, स्वास्थ्य सेवाएँ ठप

Rahul Goshwami

बरगी : जबलपुर जिले के बरगी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम निगरी में दूषित पेयजल की वजह से बड़ा स्वास्थ्य संकट खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार लगभग 100 ग्रामीण उल्टी-दस्त और जलजनित बीमारियों से पीड़ित हो गए।
शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संजय यादव निगरी पहुंचे, जहाँ उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना।

ग्रामीणों की शिकायतें
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से नलों से आने वाला पानी गंदा, मटमैला और बदबूदार था।शिकायतें कई बार की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा के कारण बड़ी संख्या में लोग अचानक बीमार पड़ गए, जिससे गांव में दहशत का माहौल है।

 

अस्पताल में डॉक्टर नहीं
दौरे के दौरान पूर्व विधायक संजय यादव ने कहा कि बरगी क्षेत्र के लिए उनके कार्यकाल में 30 बिस्तरों का अस्पताल स्वीकृत हुआ था, परंतु आज वहाँ एक भी डॉक्टर पदस्थ नहीं है।उन्होंने यह भी बताया कि उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई 35 लाख की एंबुलेंस महीनों से उपयोग में न आने के कारण जंग खा रही है, जबकि ग्रामीण इलाज के लिए भटक रहे हैं।

“सरकार सो रही है”
संजय यादव ने कटाक्ष करते हुए कहा—“स्वास्थ्य विभाग और सरकार कुंभकरण की नींद में सोए हुए हैं। जनता बीमार है, बच्चे परेशान हैं, लेकिन कोई अधिकारी हाल जानने तक नहीं पहुँचा।”उन्होंने तत्काल डॉक्टर, मेडिकल टीम और साफ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।

ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश
गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत साफ पानी की आपूर्ति, स्वास्थ्य टीम की तैनाती और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।निगरी में स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है, और ग्रामीण जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *