इंदौर। Nishaanebaz.com-Rahul Gandhi Indore Security: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इंदौर आगमन और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए इंदौर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। राहुल गांधी की ‘जेड प्लस’ (Z+) सुरक्षा श्रेणी को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर और कार्यक्रम स्थल के आसपास अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। इस दौरान 7 एडिशानल डीसीपी सहित 100 से अधिक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और 1000 से ज्यादा पुलिस जवान मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए प्रोटोकॉल के तहत विशेष दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल रीजनल पार्क स्थित मैदान और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की रेकी टीमें और सुरक्षा बल निरंतर गश्त कर रहे हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ पुलिस प्रशासन का मुख्य फोकस शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर है। वीआईपी मूवमेंट और भारी जनसैलाब को देखते हुए इंदौर पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है और आम नागरिकों की सुविधा के लिए आधिकारिक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। हर प्रमुख जोन में 100 से अधिक ट्रैफिक जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्रमुख चौराहों पर मुस्तैद रहकर यातायात को नियंत्रित कर रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा और आम जनता की सहूलियत दोनों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं और आम यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। एडीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी कार्यक्रम के दौरान शहर के बाकी हिस्सों में भी सामान्य जनजीवन और यातायात को बिना किसी बाधा के संचालित रखना है।