अंबिकापुर। Nishaanebaz.com-Surguja Eklavya School Student Protest: सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड अंतर्गत शिवपुर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की सैकड़ों छात्राओं ने प्रशासनिक व्यवस्था के खिलाफ एक मिसाल पेश करते हुए अनोखा प्रदर्शन किया। बिना किसी नारेबाजी या हंगामे के, छात्राएं लगभग 30 किलोमीटर का सफर तय कर सीधे जिला मुख्यालय अंबिकापुर स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंच गईं और कलेक्टर के समक्ष अपनी पीड़ा रखी। छात्राओं के इस तरह अचानक कलेक्ट्रेट पहुंचने से प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया और अधिकारियों की दौड़-धूप शुरू हो गई।
1 महीने से बिजली गायब, गुणवत्ताहीन भोजन और दो विषयों की पढ़ाई ठप
कलेक्टर से मुलाकात के दौरान छात्राओं ने हॉस्टल की खस्ताहाल व्यवस्था का कच्चा चिट्ठा खोला। छात्राओं ने बताया कि पिछले एक महीने से हॉस्टल में बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे अंधेरे में उनकी पढ़ाई पूरी तरह ठप है। इसके अलावा हॉस्टल में साफ-सफाई का अभाव है और खराब गुणवत्ता का भोजन दिया जा रहा है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि स्कूल में दो मुख्य विषयों की पढ़ाई ठीक से नहीं कराई जा रही है और शिक्षक ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कलेक्टर अजीत वसंत ने समीक्षा बैठक रोककर सुनीं समस्याएं, एक छात्रा हुई बेहोश
छात्राओं के कलेक्ट्रेट पहुंचने के समय सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक चल रही थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल अपनी बैठक रोकी और छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी शिकायतें दर्ज कीं। बातचीत के दौरान लंबे सफर और थकान के कारण एक छात्रा अचानक बेहोश हो गई, जिसे तत्काल एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।
पूर्व मंत्रियों की उपस्थिति, कलेक्टर ने अधिकारियों को दी कार्रवाई की चेतावनी
मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत, अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह और कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक भी पहुंचे और छात्राओं से चर्चा की। कलेक्टर अजीत वसंत ने मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को हॉस्टल और स्कूल की व्यवस्थाएं 24 घंटे में दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि यदि दिए गए निर्देशों के बाद भी लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ निलंबन व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।






